
गाजीपुर, 23 मार्च: राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन (नई दिल्ली) की गाजीपुर इकाई द्वारा एमएच इंटर कॉलेज में होली मिलन समारोह एवं वैश्य समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने समाज की एकता और संगठन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो सकता है।
विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत घोषी के अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना जरूरी है। उन्होंने दहेज प्रथा को समाप्त करने की भी अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन के प्रदेश अध्यक्ष देवकुमार राजू ने की। उन्होंने समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि संगठित होकर ही समाज की आवाज को बुलंद किया जा सकता है।
समारोह में विभिन्न वक्ताओं ने समाज की एकता और विकास पर अपने विचार रखे। इस दौरान लोक कलाकारों आरजू अंचल और राकेश कुमार ने होली गीत और चैता प्रस्तुत कर माहौल को उल्लासमय बना दिया।
अतिथियों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर होली की शुभकामनाएं दीं। आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कार्तिक गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर त्रिलोकी गुप्ता, बैजनाथ गुप्ता, निखिल गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, प्रतिमा गुप्ता, पूनम चौधरी, कमलेश गुप्ता, अमित गुप्ता, श्रीप्रकाश गुप्ता, विशाल गुप्ता, भानु गुप्ता, शिवप्रकाश गुप्ता, दीनदयाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
