
गाजीपुर: देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दुखद निधन पर गाजीपुर जिला कांग्रेस कैंप कार्यालय रजदेपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शोक सभा आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक महान अर्थशास्त्री और सरल स्वभाव के राजनेता थे, जिनके कुशल नेतृत्व में देश ने आर्थिक सुधार, परमाणु समझौता और मनरेगा जैसी उपलब्धियां हासिल कीं। उनके निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरे देश को अपूरणीय क्षति हुई है।
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से कांग्रेस पार्टी ने एक महान योद्धा और दूरदर्शी नेता को खो दिया। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने उन्हें देश की अर्थव्यवस्था का पितामह बताते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा और दूरदर्शी सोच देश को नई ऊंचाइयों पर ले गई।
कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को सादगी और सच्चाई का प्रतीक बताते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जनक कुशवाहा, बटुक नारायण मिश्र, अजय सिंह, सुमन चौबे, कुसुम तिवारी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 26 दिसंबर को दिल्ली के एम्स अस्पताल में हुआ। उनकी अंतिम यात्रा 28 दिसंबर को राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।