
गाजीपुर: पूर्व चेयरमैन अलीशेर राईन उर्फ़ भोलू भाई नगर पंचायत दिलदारनगर का रविवार देर रात असामयिक निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से परिवार समेत क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मरहूम अलीशेर राईन को एक खुशमिजाज और नेकदिल इंसान के रूप में जाना जाता था। उनके छोटे भाई तैवाब राईन ने बताया कि रात 11 बजे तक वह अपने वार्ड में लोगों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। रात लगभग 2:30 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सोमवार को मगरिब की नमाज़ के बाद शाम 7 बजे दिलदारनगर थाने के सामने मैदान में जनाजे की नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद उन्हें उनके पुश्तैनी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
अलीशेर राईन अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट रही है और शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।