गाजीपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश मंत्री रामतेज पाण्डेय ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 16 जून को सैदपुर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। सत्ता पक्ष से होने के बावजूद उनका यह कदम जिले की राजनीति में हलचल मचा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक जनहित की लड़ाई है।रामतेज पाण्डेय ने कहा कि आम जनता जब सरकारी दफ्तरों में अपने अधिकारों के लिए भटकती है, और बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता—चाहे वह सैदपुर तहसील हो या कोतवाली—तब जिम्मेदार नागरिकों को चुप नहीं बैठना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दलाल ऐसे भी हैं जो थानों और तहसीलों में सक्रिय हैं और दलाली के ज़रिए लोगों का शोषण कर रहे हैं।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन ईमानदार नागरिकों की भागीदारी से ही सफल होगा और सभी को आगे आकर भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए। रामतेज पाण्डेय का यह रुख भाजपा के अंदर भी चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने अपील की कि जो लोग व्यवस्था परिवर्तन की चाह रखते हैं, वे 16 जून को सैदपुर तहसील पहुंचें और इस आंदोलन का हिस्सा बनें।