
गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र के तियरा ग्राम पंचायत में स्थित एक कपड़े की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से करीब पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तियरा गांव निवासी विनोद कुमार जायसवाल बाजार में कपड़ों की दुकान चलाते हैं। रविवार को लगभग 11 बजे वे भोजन करने के लिए अपने घर गए थे। इसी दौरान आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा और शोर मचाया। जब विनोद कुमार पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनकी दुकान में आग लगी हुई थी।
स्थानीय लोगों की मदद से हैंडपंप से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित दुकानदार विनोद कुमार ने बताया कि वह वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े थे और यही उनका मुख्य रोजगार था। आगजनी की इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लेखपाल संजय कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन किया। उन्होंने बताया कि क्षति का विवरण तैयार किया जा रहा है और जो भी सरकारी सहायता संभव होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
