HomeLocalछठ महापर्व को लेकर डीआईजी ने किया प्रमुख घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा...

छठ महापर्व को लेकर डीआईजी ने किया प्रमुख घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश

गाजीपुर। महापर्व डाला छठ को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार, 15 नवंबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के साथ नगर क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी ने थाना कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर घाट, नवापुरा घाट, स्टीमर घाट, साईंनाथ मंदिर, पीर नगर घाट, कलेक्टर घाट, ददरी घाट, पक्का घाट, पक्का पुल राजगंज, रामेश्वर घाट, अंजही घाट और चीतनाथ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए और खतरे से संबंधित चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। घाटों पर जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा। डीआईजी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से तैयार रखें।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments