
दिल्ली की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी सरकार के सभी निजी स्टाफ की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा, जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को अन्य विभागों या संस्थानों में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया था, उन्हें तुरंत अपने मूल विभाग में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।
सभी गैर-सरकारी स्टाफ की लिस्ट मांगी गई थी
गत सप्ताह सभी विभागों से पूर्व सरकार द्वारा नियुक्त किए गए अनुबंधित और व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई थी। हाल ही में दिल्ली के मुख्य सचिव ने इस संबंध में नोटिस जारी कर सभी नॉन-ऑफिशियल स्टाफ की सूची पेश करने को कहा था। केजरीवाल सरकार के दौरान कई विभागों में इस तरह की नियुक्तियां की गई थीं, जिन्हें अब निरस्त किया जा रहा है।
27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की वापसी, रेखा गुप्ता चौथी महिला सीएम बनीं
भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। गुरुवार को रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, और उनके साथ छह अन्य मंत्रियों—परवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज और पंकज सिंह—ने भी पद ग्रहण किया। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं।
पहली कैबिनेट बैठक में दो बड़े फैसले
नई सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पहला, दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का फैसला किया गया। दूसरा, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की 14 रिपोर्टों को विधानसभा के पहले सत्र में सदन में पेश किया जाएगा।
भाजपा को बहुमत, ‘आप’ को करारी शिकस्त
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) केवल 22 सीटों पर सिमट गई। इस जीत के साथ भाजपा ने दिल्ली की सत्ता में ऐतिहासिक वापसी की है।

VIKAS TRIPATHI
भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए “पर्दाफास न्यूज” चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।