Saturday, July 4, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGविद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही! कार्य के दौरान संविदाकर्मी की करंट से...

विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही! कार्य के दौरान संविदाकर्मी की करंट से मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गाजीपुर। सैदपुर डिवीजन के खानपुर विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत नेवादा फीडर के ग्राम आह्लादपुर में शनिवार को ट्रांसफार्मर पर कार्य के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी धर्मेंद्र यादव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को खानपुर–जौनपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित 25 केवीए ट्रांसफार्मर पर कार्य करते समय धर्मेंद्र यादव करंट की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र अकुशल संविदाकर्मी थे, फिर भी उनसे लंबे समय से पोल पर चढ़कर तकनीकी कार्य कराया जा रहा था। उनका कहना है कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का समुचित पालन नहीं किया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

इस घटना के बाद जिले में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली, मैनपावर की कमी और संविदाकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि कई उपकेंद्रों पर पर्याप्त तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती नहीं होने से उपलब्ध कर्मियों पर अतिरिक्त कार्यभार डाला जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, जिले में हाल ही में स्थापित बौरी और फुल्ली 33/11 केवी उपकेंद्रों के लिए नए पद स्वीकृत होने के बावजूद आवश्यक नियुक्तियां पूरी नहीं हो सकी हैं। ऐसे में अन्य उपकेंद्रों से कर्मचारियों को स्थानांतरित कर काम चलाया जा रहा है, जिससे मैनपावर संकट और बढ़ गया है।

ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा तथा भविष्य में संविदाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल विद्युत विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button