गाजीपुर – थाना बिरनो में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थाना दिवस में कुल चार फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित रूप में प्रस्तुत कीं, जिनमें से दो मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के लिए अधिकारियों को जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि हर शिकायत पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करे। इस दौरान थाना प्रभारी बिरनो सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।














