बेंगलुरु ग्रामीण: कर्नाटक के बेंगलुरु ग्रामीण जिले के एक मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया, जब लेक्चर के दौरान एक प्रोफेसर ने क्लास में पढ़ रही छात्रा को प्रपोज कर दिया। प्रोफेसर के इस व्यवहार से नाराज छात्रों ने विरोध जताया और मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साए छात्रों ने प्रोफेसर की पिटाई कर दी। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लेक्चर के दौरान किया प्रपोज
जानकारी के अनुसार यह घटना बेंगलुरु ग्रामीण जिले के नेलमंगला स्थित टी. बेगुर के एक मेडिकल कॉलेज की बताई जा रही है। रोज की तरह क्लास चल रही थी और प्रोफेसर छात्रों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्होंने एक छात्रा से ‘आई लव यू’ कहते हुए उसे प्रपोज कर दिया।
क्लास में मौजूद छात्र-छात्राएं इस घटना से हैरान रह गए। छात्रा ने तुरंत इस पर आपत्ति जताई और प्रोफेसर के इस व्यवहार को अनुचित बताते हुए इसकी शिकायत कॉलेज प्रिंसिपल से करने की बात कही।
विवाद बढ़ा, छात्रों ने किया विरोध
छात्रा के विरोध के बाद क्लास का माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्रा के समर्थन में कई छात्र आगे आए और प्रोफेसर के व्यवहार पर नाराजगी जताई। इसी दौरान कुछ छात्रों ने प्रोफेसर को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने भी गुस्से में प्रोफेसर को चप्पल से मारा। इसके बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं कॉलेज प्रशासन भी अपने स्तर पर घटना की पड़ताल कर रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रोफेसर और छात्रा के बीच पहले से कोई विवाद या बातचीत हुई थी या नहीं।
छात्रों में गुस्सा, कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों में काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि शिक्षक और छात्र के रिश्ते की गरिमा को इस घटना ने ठेस पहुंचाई है।
छात्रों ने मांग की है कि संबंधित प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी शैक्षणिक संस्थान में इस तरह की घटना दोबारा न हो और शिक्षक अपने पद की गरिमा बनाए रखें।














