Saturday, September 13, 2025
Your Dream Technologies
HomeCrimeधरना दे रहे भाजपाइयों पर बरसी पुलिस की लाठी

धरना दे रहे भाजपाइयों पर बरसी पुलिस की लाठी

गाजीपुर। नोनहरा थाने के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी वेंकटेश तिवारी के खिलाफ मंगलवार शाम से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि थाना प्रभारी जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुनते, साथ ही उनके साथ अभद्र व्यवहार भी करते हैं।धरना प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता राजेश राय बागी, छात्र नेता धन्नजय प्रधान और भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश गिरी कर रहे थे। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। राजेश राय बागी ने थाना प्रभारी पर भ्रष्टाचार और मनमानी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक उच्चाधिकारियों से ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा।

धरना का मुख्य कारण गठिया गांव में बिजली विभाग द्वारा सड़क किनारे बिना किसी समन्वय के बिजली के खंभे गाड़ना बताया गया। ग्रामीणों ने इसे एकतरफा कार्रवाई मानते हुए विरोध दर्ज कराया। मौके पर कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन यह मामला विद्युत विभाग से जुड़ा होने के कारण कोई तत्काल समाधान नहीं निकल सका।

रात होते-होते हालात बिगड़ गए। पुलिस ने धरना दे रहे कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस लाठीचार्ज करती और लोग बचने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं।

इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया है। उन्होंने नोनहरा थाना प्रभारी वेंकटेश तिवारी को तत्काल हटाने की मांग तेज कर दी है। देर रात तक धरना स्थल पर तनाव बना रहा। हालांकि, अब तक उच्चाधिकारियों की ओर से इस प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

 

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button