गाजीपुर – विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इसमें सीएससी निर्माण की भौतिक स्थिति, 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग के भुगतान की प्रगति, पंचायत सचिवालय/जनसुविधा केंद्र की स्थापना एवं संचालन, सामुदायिक शौचालयों के संचालन तथा ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी सेंटर की स्थिति पर चर्चा हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी सेंटर और सामुदायिक शौचालयों को आपस में जोड़कर नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इन केंद्रों का शत-प्रतिशत संचालन आवश्यक है। बंद पड़े सामुदायिक शौचालयों के संबंध में संबंधित केयरटेकर का मानदेय बाधित करने हेतु भी निर्देशित किया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग के भुगतान की प्रगति को 98 प्रतिशत तक बढ़ाया गया है तथा शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। पंचायत सचिवालय/जन सुविधा केंद्र को सुचारू रूप से संचालित कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त विकास खंड की ग्राम पंचायतों में स्थित उन तालाबों का चिन्हीकरण कराने के निर्देश दिए गए जिनमें नालों का गंदा पानी प्रवाहित हो रहा है। ऐसे तालाबों के निस्तारण एवं स्वच्छता सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। बैठक में स्वच्छता से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया।














