Friday, January 16, 2026
Your Dream Technologies
HomePoliticsबीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जल्द, नितिन नबीन बनेंगे नए...

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जल्द, नितिन नबीन बनेंगे नए अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी की जा सकती है। अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी को होगी, जबकि 20 जनवरी को औपचारिक रूप से चुनाव संपन्न कराया जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि 19 जनवरी को नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उनके समर्थन में नामांकन पत्रों के कई सेट प्रस्तुत किए जाएंगे, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के हस्ताक्षर होंगे। इसके साथ ही पार्टी के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला मोर्चा की ओर से भी समर्थन पत्र दाखिल किए जाएंगे।

20 जनवरी को पदभार ग्रहण करेंगे नितिन नबीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 20 जनवरी को होगा। इसी दिन नितिन नबीन दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में औपचारिक रूप से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेता, विभिन्न राज्यों के बीजेपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री उपस्थित रहेंगे।

बीजेपी मुख्यालय में पीएम मोदी का संबोधन

नितिन नबीन के अध्यक्ष पद संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन, 21 जनवरी को नितिन नबीन सभी प्रदेश संगठन मंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे।

गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर को बीजेपी संसदीय बोर्ड द्वारा पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

नितिन नबीन: राजनीतिक सफर एक नजर में

नितिन नबीन का जन्म 1 सितंबर 1980 को रांची में हुआ। उनकी माता का नाम मीरा सिन्हा है। उन्होंने दिल्ली से 12वीं तक की शिक्षा प्राप्त की और सीएसकेएम पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की।

उनके पिता नवीन किशोर सिंह 1995 से 2006 तक पटना पश्चिम विधानसभा सीट से लगातार विधायक रहे। वर्ष 2006 में नितिन नबीन ने पहली बार उपचुनाव के जरिए विधानसभा में प्रवेश किया। परिसीमन के बाद सीट का नाम बदलकर ‘बाकीपुर’ हुआ, जहां से वे 2010 से लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।

नीतीश कुमार सरकार के दो कार्यकालों में नितिन नबीन शहरी विकास एवं आवास मंत्री के साथ-साथ कानून और न्याय मंत्रालय की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद एनडीए सरकार के गठन पर उन्हें पथ निर्माण विभाग का मंत्री बनाया गया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button