गाजीपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, ब्लॉक प्रमुख बिरनो राजन सिंह तथा जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा एवं जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल ने नवचयनित सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पारदर्शी चयन प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए चयनित महिलाओं से पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण उन्मूलन, टीकाकरण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल तथा पोषण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने बताया कि जिले की 17 बाल विकास परियोजनाओं में 4127 सहायिकाओं के सापेक्ष 1352 रिक्त पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, जिसके क्रम में 1328 सहायिकाओं का चयन किया गया है। दूसरे चरण में 11 परियोजनाओं के 1015 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।














