गाजीपुर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
21 अक्टूबर को कासिमाबाद चौराहा स्थित चौरसिया मिष्ठान भंडार से बर्फी, दिलदारनगर में शमा चिकन बिरियानी से हैदराबादी बिरियानी, शाहिद बिरियानी एंड मसाला से हैदराबादी बिरियानी तथा सना ट्रेडर्स से धनिया पाउडर का नमूना लिया गया।
वहीं, 22 अक्टूबर को रौजा मुहम्मदाबाद बस स्टैंड स्थित मां स्वीट हाउस से बर्फी, बंशीबाजार के दो पनीर विनिर्माण प्रतिष्ठानों से पनीर, सकलेनाबाद से पनीर, सुखडेहरा भावरकोल से खोया और बेसन, कबीरपुर कुण्डेसर से जयश्री ब्रांड सरसों तेल तथा शाहनिन्दा मुहम्मदाबाद स्थित बंगाली मिष्ठान भंडार से पेड़ा का नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य विभाग के अनुसार सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।विभाग ने त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।















