गाजीपुर। मरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मंगलवार को मरीज को एक्सपायरी डेट वाली बोतल चढ़ाने के आरोप में परिजनों ने हंगामा किया। मामला बढ़ता देख स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल बोतल बदल दी। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
मुस्तफाबाद गांव निवासी जगधारी राम की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए मरदह सीएचसी लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीज को बोतल चढ़ाना शुरू किया। इसी दौरान उनके पोते विपिन की नजर बोतल पर पड़ी। आरोप है कि बोतल की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी और इसके बावजूद उसे मरीज को लगाया जा रहा था।विपिन ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोगों ने स्वास्थ्यकर्मियों से नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने आनन-फानन में बोतल हटाकर दूसरी बोतल लगा दी।
घटना की जानकारी फैलने के बाद सीएचसी में काफी संख्या में लोग जमा हो गए। चिकित्सकों ने मरीज की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. रवि रंजन ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी कर्मचारी की पहचान होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।















