गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर यातायात पुलिस की ओर से मंगलवार को सुभाष इंटरमीडिएट कॉलेज फतेहुल्लापुर में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने बच्चों को सड़क पर लगे यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में भी बताया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है।
छात्रों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।















