जीएसटी, खनन, प्रदूषण और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों ने दी जानकारी
गाजीपुर। जनपद ईंट निर्माता समिति की वार्षिक बैठक रविवार को राधेश्याम वाटिका रौजा में आयोजित हुई। बैठक में ईंट-भट्ठा स्वामियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह को सर्वसम्मति से समिति का संरक्षक बनाया गया।
बैठक में जीएसटी, खनन, प्रदूषण, जिला पंचायत के वार्षिक शुल्क, वैभव कर और भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। जीएसटी विभाग के खंड-3 के अधिकारी विकास चंद्र ने जीएसटी से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए भट्ठा स्वामियों की समस्याएं सुनीं और नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, प्रदूषण विभाग के अधिकारी अतुल तेलवानी ने प्रदेश सरकार की ओर से जारी प्रदूषण संबंधी गाइडलाइन की जानकारी देते हुए निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।जिला खनन अधिकारी ईश्वर चंद्र ने खनन संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए भट्ठा स्वामियों से वित्तीय वर्ष 2026-27 का खनन शुल्क निर्धारित समय पर जमा करने को कहा।समिति के अध्यक्ष रजनीकांत राय ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए भट्ठा स्वामियों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। महासचिव ललन सिंह ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की और श्रम विभाग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।संरक्षक बनाए जाने पर राजन सिंह ने कहा कि समिति के सदस्यों की समस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे और संगठन के हित में हरसंभव सहयोग करेंगे।बैठक की अध्यक्षता रामकेर यादव ने की। इस मौके पर रिकू राय, गोपाल राय, पवन कुमार, आसिफ अली, रामप्रकाश उपाध्याय, श्याम नारायण, सुधीर राय, सदानंद यादव और विनोद चौहान सहित बड़ी संख्या में भट्ठा स्वामी मौजूद रहे।















