गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के कंसहरी (भवानीपुर) गांव निवासी 36 वर्षीय सीआरपीएफ जवान शशिकांत सिंह पुत्र स्व. लल्लन सिंह की रविवार की भोर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर भवानीपुर कट के पास अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शशिकांत सिंह शनिवार की शाम एक दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे। रविवार की सुबह करीब चार बजे वह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान भवानीपुर कट के पास मऊ की तरफ जा रहे एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन मोड़ दिया, जिसकी चपेट में आने से शशिकांत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शशिकांत सिंह दो भाइयों में छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनका परिवार वर्तमान में गाजीपुर में रहता है। जवान की असामयिक मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के बड़े भाई ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मरदह थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना में शामिल अज्ञात ट्रेलर की तलाश के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।















