गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोतस्कर के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, पंजाब नंबर की डीसीएम गाड़ी और 10 गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चौकी प्रभारी अटवा मोड़ से सूचना मिली कि एक संदिग्ध डीसीएम गाजीपुर घाट से मुहम्मदाबाद होते हुए बिहार की ओर जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने अटवा मोड़ स्थित पक्का पुल मंदिर के पास घेराबंदी कर डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान गाड़ी में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान परमजीत सिंह (26) पुत्र जसवीर सिंह निवासी प्रतापगढ़, थाना कुमकलां, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई। वहीं, गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान गुरपंत सिंह (25) पुत्र सिपेंडर सिंह निवासी लातोनदाना, थाना कुमकलां, जिला लुधियाना के रूप में हुई है। घायल परमजीत को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी और चौकी प्रभारी अटवा मोड़ की टीम शामिल रही।















