गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। वाराणसी-गोरखपुर-महाराजगंज हाईवे के तिराहे के पास चेकिंग के दौरान टीम ने 1 किलो 15 ग्राम अवैध हेरोइन और बोलेरो वाहन के साथ दो अभियुक्तों व एक अभियुक्ता को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राकेश यादव उर्फ गामा पुत्र रमाकान्त सिंह यादव निवासी सरैया पोस्ट छावनी लाइन, थाना कोतवाली, उम्र करीब 38 वर्ष, कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति पुत्र स्व. राजकुमार प्रजापति निवासी तुलसीपुर छावनी लाइन, थाना कोतवाली, उम्र करीब 26 वर्ष तथा रीना यादव पत्नी जीउत बंधन यादव निवासी गौसपुर, थाना मोहम्मदाबाद, उम्र करीब 30 वर्ष शामिल हैं।
कार्रवाई 24 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक एएनटीएफ सुरेन्द्रनाथ सिंह और उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक के नेतृत्व में की गई। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 15 ग्राम हेरोइन और एक बोलेरो वाहन बरामद किया।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 723/2026 के तहत धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल संजय सिंह राजावत और महिला कांस्टेबल मुस्कान यादव भी शामिल रहीं।















