गाजीपुर। भाजपा मंडल कार्यसमिति एवं बूथ समिति गठन सत्यापन योजना को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन में बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की। इसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ मंडल एवं बूथ समितियों के गठन और सत्यापन की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि सभी पदाधिकारी जिस मंडल और शक्ति केंद्र पर जाएं, वहां समितियों का सत्यापन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी चुनाव के समय प्रत्येक मंडल समिति, शक्ति केंद्र संयोजक और बूथ समिति सही, सक्रिय एवं सामाजिक दृष्टि से संतुलित हो।
जिला प्रभारी डा. राकेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा स्थापना काल से ही समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर निरंतर मजबूत हुई है। समिति गठन में सामाजिक सामंजस्य एवं समरसता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों को सत्यापन प्रक्रिया, आवश्यक दिशा-निर्देश एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए समितियों का सक्रिय, सक्षम और समावेशी होना जरूरी है।
बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, बृजेन्द्र राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, अभिनव सिन्हा, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, सुनीता सिंह, कालीचरन राजभर, आशुतोष राय, राजेश भारद्वाज, सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पाण्डेय, शशांक शेखर राय, सरोज मिश्रा, सुधाकर कुशवाहा, अच्छेलाल गुप्ता, राजेश चौहान, अवधेश राजभर, विष्णु सिंह, सुमित तिवारी, विश्व प्रकाश अकेला, जितेन्द्र नाथ पाण्डेय, अखिलेश सिंह, सुरेश बिंद, शशिकांत शर्मा, गर्वजीत सिंह, सन्नी चौरसिया, प्रमोद राय, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह, संकट प्रसाद मिश्रा एवं अमरेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने किया।














