गाजीपुर। अपराध एवं शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानिया पुलिस ने बुधवार को 45 लीटर अवैध देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान बडेसर नहर तिराहा के पास मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध शराब लेकर डिग्री इलाचीपुर नहर रेलवे लाइन के पास मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रोहित कुमार पुत्र मुन्ना चौधरी, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी सियापोखर, थाना मोहनिया, जनपद भभुआ (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में कुल 225 पाउच थे और प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार कुल 45 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब की दुकान से शराब खरीदकर ऊंचे दाम पर बेचता था। मामले में थाना जमानिया में मु0अ0सं0 281/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी रेलवे स्टेशन, थाना जमानिया शामिल रहे।














