गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर एवं मासिक स्टाफ बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिवहन, वाणिज्य कर, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आबकारी, विद्युत देय, चकबंदी, व्यापार कर और अन्य विभागों की राजस्व वसूली की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
इसके बाद आयोजित मासिक राजस्व समीक्षा बैठक में लंबित एवं विवादित मामलों, दाखिल-खारिज और विभिन्न राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की मंशा के अनुरूप राजस्व कार्यों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
उन्होंने धारा 33, 24, 34, 116 और 80 के तहत एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं धारा 67 के मामलों में टीम गठित कर मौके पर स्थलीय सत्यापन के बाद कार्रवाई करने को कहा। धारा 24 एवं 116 के लंबित प्रकरणों के लिए कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ई-परवाना, खसरा फीडिंग, स्वामित्व योजना, सीमा स्तंभ, कृषि भूमि पट्टा, आवास हेतु भूमि आवंटन, कुम्हारीकलां पट्टा, अंश निर्धारण एवं अंश संशोधन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।














