गाजीपुर – जमानियां क्षेत्र स्थित पियजुआ प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने एक बार फिर मिड-डे मील (एमडीएम) किचन को निशाना बनाया। देर रात हुई चोरी में बदमाश करीब 50 किलोग्राम चावल, 30 किलोग्राम गेहूं, दो बड़े भगौने, ढाई दर्जन थालियां समेत लगभग 25 हजार रुपये मूल्य का सामान चुराकर फरार हो गए। शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचे शिक्षकों ने किचन का टूटा ताला देखा, जिसके बाद घटना की जानकारी शिक्षा विभाग और डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। सहायक अध्यापक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि विद्यालय में यह तीसरी चोरी है। लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का भरोसा दिया है।














