गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकासखंड जखनियां के ग्राम पंचायत अलीपुर मदरा स्थित ग्राम सचिवालय में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।
ग्राम चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व मामलों, पेंशन तथा आयुष्मान योजना सहित विभिन्न मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और कन्या सुमंगला जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई, बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा मुख्य विकास अधिकारी के साथ पांच कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली वितरित की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सरल तरीके से मिलना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को गांवों का नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों की निगरानी और जनसमस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
चौपाल में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।














