Saturday, June 13, 2026
Your Dream Technologies
HomePARDAPHAAS BREAKINGबिरनो में भीषण सड़क हादसा: दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन की...

बिरनो में भीषण सड़क हादसा: दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत

गाजीपुर – बिरनो थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोपालपुर मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

तेल लेने जा रहे थे दो युवक

जानकारी के अनुसार, बिरनो गांव निवासी रविंद्र राजभर (40) पुत्र विक्रम राजभर और सोनू राजभर (35) पुत्र प्रकाश राजभर मोटरसाइकिल से तेल लेने जा रहे थे। इसी दौरान मरदह थाना क्षेत्र के कसतुवा गांव निवासी सुरेश राजभर अपनी पत्नी ममता और 15 वर्षीय पुत्र सुमंत के साथ दूसरी बाइक से बिरनो की ओर आ रहे थे।

आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर

गोपालपुर मोड़ के पास हनुमान मंदिर के समीप दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रविंद्र राजभर, सोनू राजभर और सुरेश राजभर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ममता और उनका पुत्र सुमंत गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मृतक सोनू राजभर और रविंद्र राजभर चचेरे भाई थे। सोनू राजभर राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं।

वहीं रविंद्र राजभर अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार वह शनिवार को रोजगार के सिलसिले में मुंबई जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

तेज रफ्तार का कहर

स्थानीय लोगों का कहना है कि आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। एक बार फिर तेज गति और लापरवाही ने तीन जिंदगियां छीन लीं तथा दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां एक पल में उजाड़ दीं।

पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई

थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मोटर साइकिलों को कब्जे में ले लिया गया है परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button