गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों तथा सीएम डैशबोर्ड दर्पण पर चिन्हित फ्लैगशिप परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की मासिक प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर विकासपरक योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र लाभार्थियों तक शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहे। सीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा कर योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में विशेष रूप से श्रम विभाग की योजनाओं पर जोर देते हुए सभी खंड विकास अधिकारियों को मजदूरों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को भी अपने यहां कार्यरत श्रमिकों का श्रम विभाग में पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया, ताकि उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
समीक्षा के दौरान विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं सेतु परियोजनाएं, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, श्रम एवं सेवायोजन विभाग सहित अन्य योजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।














