गाजीपुर – शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात में गौसाबाद स्थित मशहूर बिंदु होटल के संचालक विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने होटल के मुख्य गेट पर घात लगाकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमलावरों ने गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी शंभू यादव पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह होटल के अंदर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पुलिस के अनुसार, घटना पूरी तरह सुनियोजित प्रतीत होती है। रात करीब 10:45 बजे चारों बदमाश होटल के गेट पर पहुंचे और गार्ड से पहले 16 बीयर मांगी। कुछ देर बाद उन्होंने 8 बीयर देने की बात कही। भुगतान के बहाने उन्होंने गार्ड को होटल के अंदर भेज दिया। गार्ड ऑनलाइन भुगतान कराने के लिए मैनेजर का मोबाइल लेकर लौटा तो आरोपियों ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि उनके मोबाइल में पैसे नहीं हैं।
इसी दौरान होटल मालिक विनीत राय खाना खाने के बाद घर जाने के लिए बाहर निकले। पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से विनीत राय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए दो बाइकों से फरार हो गए।
मृतक विनीत राय, आलोक राय के पुत्र थे और बिंदु होटल का संचालन करते थे। पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, प्रॉपर्टी विवाद या रंगदारी जैसे पहलुओं की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी गई है।














