गाज़ीपुर – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई एवं बाल सम्मान कोष योजना की जिला संचालन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित निवर्तन कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह योजना पीड़ित महिलाओं और बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं सहायता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का संवेदनशीलता और गंभीरता से परीक्षण कर पात्र लोगों को जल्द सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो और सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा शासन द्वारा निर्धारित सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य पीड़ित महिलाओं एवं बच्चों को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक सहयोग देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभागों को जवाबदेही और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल कुमार तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।














