गाज़ीपुर – पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश) के निर्देश पर बिरनो टोल प्लाजा पर ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ और प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सघन कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), आरटीओ, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी यातायात और बिरनो थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने आठ लेन पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान रोडवेज बसों, भारी व्यावसायिक वाहनों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई।
चेकिंग के दौरान 16 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले 22 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और दस्तावेजों की कमी समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 152 वाहनों पर कार्रवाई हुई।
इस संयुक्त अभियान में कुल 190 वाहनों का चालान करते हुए 4 लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। गाज़ीपुर पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की अपील की।














