नोएडा लोकमंच की ओर से शुक्रवार को नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में विधायक पंकज सिंह, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी इन्दुप्रकाश और जीएम आरपी सिंह सहित शहर के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य लोकमंच द्वारा संचालित जनहितकारी सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाना था, ताकि जरूरतमंद लोगों को मुफ्त इलाज, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के दौरान लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों और सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकमंच द्वारा सेक्टर-15 में पुस्तकालय, सेक्टर-94 में अंतिम निवास और सेक्टर-12 में दवा बैंक संचालित किए जा रहे हैं। इन सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने विधायक और प्राधिकरण अधिकारियों के सामने कई मांगें रखीं।
पुस्तकालय को लेकर भवन से जुड़े लंबित सिविल कार्यों को जल्द पूरा कराने, बिजली की क्षमता बढ़ाने, विद्युत संबंधी कार्यों को संपन्न कराने, भवन की मरम्मत कराने और पुस्तकों के दान को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। इसी तरह, दवा बैंक के लिए लीज अवधि बढ़ाने के साथ-साथ साफ-सफाई और सैनिट्री व्यवस्था के लिए एक स्थायी कर्मचारी उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
अंतिम निवास, सेक्टर-94 में टूटे हुए गेट के पुनर्निर्माण और पूरे परिसर के समुचित विकास तथा निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। महेश सक्सेना ने कहा कि इन सुविधाओं के विस्तार से समाज के कमजोर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा और लोकमंच की सेवाएं अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंच सकेंगी।
विधायक पंकज सिंह ने लोकमंच की मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास जनहित में बेहद सराहनीय है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को सभी आवश्यक सुधार कार्यों में पूर्ण सहयोग देने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि जनता से जुड़े इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाएगा।
आज नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी (सेक्टर-15) में नोएडा लोक मंच’ की टीम व नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में संस्था के सदस्यों के द्वारा सामाजिक कार्यों को और बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव आए।
इस निमित्त सदस्यों की मांगों पर प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही… pic.twitter.com/x0UdzGI2TT— Pankaj Singh (@PankajSinghBJP) April 10, 2026
उन्होंने दवा बैंक की उपयोगिता की भी प्रशंसा की और कहा कि ऐसे प्रयास वास्तव में जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं। बैठक के दौरान मौजूद अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी लोकमंच की गतिविधियों की सराहना की और सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम का संचालन गुरु और समाजसेविका राजेश्वरी त्यागराजन ने किया। बैठक में डॉ. रामशरण गौड़, कवि विनोद पांडे, फोनरवा कोषाध्यक्ष पवन यादव, कुशाग्र अवस्थी, प्रदीप वोहरा, दीपाली, गिरजा सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह बैठक नोएडा में सामाजिक सहयोग, जनसेवा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।














