गाजीपुर – करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। 24 मार्च 2026 को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ ग्रीन फील्ड छपरा-गाजीपुर मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने मु0अ0सं0 65/2026 से संबंधित अभियुक्त श्रीधर वर्मा उर्फ छोटे वर्मा को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर अवैध असलहा बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस टीम पर .315 बोर तमंचे से जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की, जिससे अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा और उसके कब्जे से एक तमंचा व एक खोखा कारतूस बरामद किया। इस संबंध में थाना करीमुद्दीनपुर में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी पहले से दर्ज है।














