गाजीपुर – भारतीय जनता पार्टी की बहुप्रतीक्षित जिला कार्यसमिति की सूची आखिरकार जारी कर दी गई है। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति के बाद इस नई टीम की घोषणा की। जारी सूची में आठ जिला उपाध्यक्ष, तीन जिला महामंत्री, आठ जिला मंत्री और एक कोषाध्यक्ष को शामिल किया गया है।
जिलाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला उपाध्यक्ष पद पर दयाशंकर पांडेय, प्रवीण सिंह, सुधाकर कुशवाहा, सरोज मिश्रा, शशांक राय, राजेश सोनकर और शिवशंकर गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला महामंत्री के पद पर अवधेश राजभर, सुमित तिवारी और विष्णु प्रताप सिंह को नियुक्त किया गया है। जिला मंत्री के रूप में हंसराज राजभर, मारकंडेय चौहान, सुमत बिंद, मयंक राय, सचिन कन्नौजिया, किरण सिंह, पप्पू कुशवाहा और कौशल्या यादव को स्थान दिया गया है। कोषाध्यक्ष पद पर अच्छेलाल गुप्ता को मनोनीत किया गया है।
हालांकि इस सूची के जारी होने के बाद पार्टी के अंदर हलचल भी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा असंतोष जाहिर किया जा रहा है, खासकर उन नामों को लेकर जिन्हें इस बार जगह नहीं मिल सकी। इसके अलावा प्रवीण सिंह और अवधेश राजभर के पदों में हुए बदलाव को लेकर भी चर्चा तेज है।
कुल मिलाकर नई कार्यसमिति के गठन के साथ संगठन को मजबूत करने की कोशिश की गई है, लेकिन असंतोष की आवाजें पार्टी के लिए चुनौती बन सकती हैं।














