नोएडा की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपने माता-पिता, विद्यालय और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। इसी कड़ी में संत किशोरी शरण (एसकेएस) विद्या मंदिर, नोएडा की जूनियर एनसीसी कैडेट चेष्टा शर्मा ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर विद्यालय, जिले और उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। 31 यूपी बटालियन एनसीसी की इस होनहार कैडेट का चयन गणतंत्र दिवस शिविर (Republic Day Camp – RDC) 2026 के लिए हुआ है, जिसे एनसीसी का सर्वोच्च और सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है।
आरडीसी शिविर में चयन पाना आसान नहीं होता। देशभर से हजारों कैडेट्स कड़े चयन चरणों से गुजरते हैं, जिनमें शारीरिक दक्षता, अनुशासन, ड्रिल, नेतृत्व क्षमता और मानसिक मजबूती की कड़ी परीक्षा ली जाती है। चेष्टा सिंह ने अपनी असाधारण ड्रिल, अनुकरणीय अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर सभी चरणों को सफलतापूर्वक पार किया और यह साबित कर दिया कि लगन और आत्मविश्वास के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
अब चेष्टा शर्मा दिल्ली के कर्तव्य पथ (राजपथ) पर आयोजित होने वाली भव्य गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेंगी। इसके साथ ही वे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के समक्ष होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। एक जूनियर कैडेट के रूप में यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह देश की बेटियों की बढ़ती ताकत और क्षमता का भी प्रतीक है।
#GreaterNoida की जूनियर NCC कैडेट चेष्टा सिंह का RDC 2026 के लिए चयन — एसकेएस विद्या मंदिर और यूपी का नाम रोशन
अब दिल्ली के कर्तव्य पथ पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। #CheshtaSingh
गर्व की बात! @EMCT19 #RDC2026 #NCC #UPPride #GirlsPower #NationPride pic.twitter.com/xMHSzCocuB
— PARDAPHAAS NEWS (@pardaphaas) January 23, 2026
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और एनसीसी प्रशिक्षकों में इस सफलता को लेकर विशेष उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा,
“चेष्टा शर्मा की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिणाम है। इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हमारे संस्थान के लिए गर्व की बात है। चेष्टा की सफलता अन्य छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालिकाओं को सेना और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी।”
चेष्टा की इस सफलता ने यह संदेश दिया है कि आज की बेटियां सिर्फ सपने नहीं देखतीं, बल्कि उन्हें साकार भी करती हैं। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो उम्र और संसाधन कोई बाधा नहीं बनते। उनके चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय में चेष्टा शर्मा के स्वागत के लिए भव्य सम्मान समारोह की तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाएगी। चेष्टा आज उन बेटियों की मिसाल बन चुकी हैं, जो अपने हुनर, मेहनत और हौसले से माता-पिता और देश का नाम रोशन कर रही हैं।














