गाजीपुर – जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि दिसम्बर 2025 माह का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण 10 दिसम्बर से 28 दिसम्बर 2025 के बीच कराया जाएगा। इस अवधि में सभी पात्र कार्डधारकों को गेहूं और फोर्टीफाइड चावल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार अन्त्योदय राशन कार्डधारकों को 14 किलोग्राम गेहूं एवं 21 किलोग्राम फोर्टीफाइड चावल दिए जाएंगे। इसके साथ ही अक्टूबर, नवम्बर और दिसम्बर 2025 की तिमाही के लिए 3 किलोग्राम चीनी प्रति कार्ड ₹18 प्रति किलोग्राम की दर से कुल ₹54 में उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा मान्य नहीं होगी, इसलिए लाभार्थी अपनी मूल दुकान से ही चीनी प्राप्त करेंगे। ई-पॉस मशीन से निकलने वाली पर्ची में गेहूं और चावल का मूल्य शून्य प्रदर्शित होगा।
पात्र गृहस्थी (PHH) कार्डों पर प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं एवं 3 किलो फोर्टीफाइड चावल, कुल 5 किलो खाद्यान्न, निःशुल्क वितरित किया जाएगा। 01 जनवरी 2024 से आगामी 5 वर्षों तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरण का संपूर्ण व्यय भारत सरकार वहन करेगी।
28 दिसम्बर अंतिम तिथि, ओटीपी से भी मिलेगा राशन
सभी कार्डधारक पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत किसी भी इच्छित उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे। वितरण की अंतिम तिथि 28 दिसम्बर 2025 निर्धारित है। इसी दिन ऐसे उपभोक्ताओं के लिए, जो आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त नहीं कर पाएंगे, मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से निःशुल्क वितरण कराया जाएगा।














