गाजीपुर, — जनपद गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारी लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं।उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक ने शेरपुर, तुलसीपुर, लखनचंदपुर और महबलपुर गांवों का निरीक्षण किया, वहीं उपजिलाधिकारी जमानियां ज्योति चौरसिया ने मलसा गांव और उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव ने अठहठा गांव का स्थलीय दौरा किया। उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी भी प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) दिनेश कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में जनपद के 7 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इन गांवों के संपर्क मार्गों पर पानी आ जाने के कारण नौका संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर लागू की जा चुकी है।जनपद मुख्यालय पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर: 05482-224041 व 9454417103 हैं। प्रभावित गांवों में बाढ़ चौकियों और शरणालयों को सक्रिय किया गया है, जहां स्वच्छ पेयजल, विद्युत, शौचालय, भोजन, गद्दे, जनरेटर आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही मानव और पशु चिकित्सा के लिए डॉक्टरों की टीम आवश्यक दवाओं के साथ तैनात है। पशुओं के लिए चारा और भूसे की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।राजस्व, पुलिस, पंचायत, खाद्य-रसद सहित अन्य विभागों के अधिकारी/कर्मचारी राहत कार्यों में पूरी तरह जुटे हैं। प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता हेतु संकल्पित है।