गाजीपुर – उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा चालकों की कमी दूर करने के लिए स्थानीय स्तर पर 83 संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी। इसके लिए रोजगार मेले के माध्यम से अलग-अलग तहसीलों में शिविर लगाए जाएंगे, जिससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
भर्ती प्रक्रिया तहसीलवार तिथियों पर आयोजित होगी। जखनियां में 9 फरवरी, मोहम्मदाबाद में 11 फरवरी, सदर में 13 फरवरी, कासिमाबाद में 16 फरवरी तथा सेवराई में 18 फरवरी 2026 को शिविर लगाए जाएंगे। परिवहन निगम ने जनपद के इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर संबंधित तहसील में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लें।
संविदा चालक पद के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण रखी गई है। अभ्यर्थी के पास कम से कम दो वर्ष पुराना वैध हैवी ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है। इसके अलावा न्यूनतम लंबाई 5 फीट 3 इंच तथा आयु 23 वर्ष 6 माह से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
नियुक्ति के बाद चालकों को प्रति किलोमीटर 2.20 रुपये का पारिश्रमिक दिया जाएगा। महीने में 22 दिन ड्यूटी और 5000 किलोमीटर संचालन पर 3000 रुपये तथा 24 दिन ड्यूटी और 6000 किलोमीटर संचालन पर 4000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही वार्षिक अवकाश, फ्री पास, रात्रि भत्ता और दो यूनिफॉर्म जैसी सुविधाएं भी निगम द्वारा प्रदान की जाएंगी।














