गाज़ीपुर – सुहवल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र आदित्य उर्फ प्रिंस बिंद की मौत हो गई। वह रोज़ की तरह साइकिल से डुहियां स्कूल जा रहा था, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर तेज़ रफ्तार मैजिक वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घटना महुआ बाबा मोड़ के पास हुई।
भीषण टक्कर, मौके पर अफरा-तफरी
टक्कर इतनी तीव्र थी कि आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसा। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की भीड़ तुरंत मौके पर जुट गई और घायल छात्र को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक आदित्य अपने माता-पिता के साथ पिछले पांच वर्षों से बहलोलपुर गांव में अपने नाना के यहां रह रहा था। पिता सुरेंद्र बिंद मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। हादसे की खबर मिलते ही मां माया देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आदित्य दो भाइयों में सबसे छोटा था।
पुलिस ने वाहन जब्त किया, चालक की तलाश जारी
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ पहुंचे। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मैजिक वाहन जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुटी है।














