गाजीपुर – नंदगंज स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। काफी देर तक शव की पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त बरहपुर गांव निवासी 30 वर्षीय सेराज के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सेराज का अपनी पत्नी अरमाना बानो से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। दो दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह नंदगंज रेलवे स्टेशन पहुंचा और स्टेशन परिसर स्थित काली माई मंदिर के सामने ट्रेन के आगे कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक सूरत में रहकर काम करता था और एक सप्ताह पहले ही घर आया था। उसके परिवार में पत्नी, एक वर्ष की मासूम बेटी और मां खुशबुन हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।














