गाज़ीपुर – कासिमाबाद क्षेत्र के सनेहुवा गांव में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से दो किसानों की एक बीघा से अधिक तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना उस समय हुई जब दोपहर करीब ढाई बजे 11 हजार वोल्ट के विद्युत पोल से चिंगारी निकली, जिसने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती हुई पप्पू यादव और रमेश यादव के खेतों तक पहुंच गई, जिससे उनकी मेहनत की पूरी फसल नष्ट हो गई।
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल मोर्चा संभाला और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूझ से आसपास के खेतों की फसल को बचा लिया गया, अन्यथा नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी और करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र सरोज ने घटना की जानकारी प्रशासन को दी। वहीं लेखपाल के निलंबन के कारण राजस्व कार्य प्रभावित होने की बात भी सामने आई। घटना की सूचना एसडीएम लोकेश कुमार को दे दी गई है।














