Wednesday, February 11, 2026
Your Dream Technologies
HomeUncategorizedउत्तर प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र: कफ सिरप मामले पर घमासान, सपा का...

उत्तर प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र: कफ सिरप मामले पर घमासान, सपा का वॉकआउट

उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज दूसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। सत्र की शुरुआत से ही सदन में गहमा-गहमी का माहौल बना हुआ है। आज विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के विधायकों ने कफ सिरप मामले को लेकर सरकार को घेरा और जमकर नारेबाजी की।

सपा विधायकों ने कफ सिरप मामले में सरकार से जवाब मांगा, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन में बयान देते हुए विपक्ष पर तीखा पलटवार किया।

78 गिरफ्तार, 136 फर्मों पर छापेमारी: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि कफ सिरप मामले में अब तक 78 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 136 दवा कंपनियों पर छापेमारी की गई है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे नेटवर्क के तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए हैं।

योगी ने आरोप लगाया कि कफ सिरप कंपनियों को लाइसेंस सपा सरकार के कार्यकाल में जारी किए गए थे। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “आप लोग पढ़ते-लिखते नहीं हैं, इसलिए सच्चाई समझ नहीं पा रहे हैं।”

समय आने पर बुलडोजर एक्शन होगा: योगी

विपक्ष की मांगों के बीच मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि कानून अपना काम करेगा और समय आने पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाएगी।

इस मामले पर सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी विपक्ष में है, इसलिए विरोध करना उसका काम है। उन्होंने कहा कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है और लाइसेंस केंद्र सरकार द्वारा जारी किए जाते हैं। “हमारी सरकार ने कार्रवाई की है, अपराधियों को जेल भेजा गया है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा,” उन्होंने कहा।

योगी की टिप्पणी से भड़के सपा विधायक, सदन से वॉकआउट

विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने दिल्ली और यूपी के नेताओं की तुलना करते हुए कहा कि देश में दो तरह के ‘नमूने’ हैं, जिनमें से एक यहां बैठे हैं। नेता प्रतिपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि यहां के ‘बबुआ’ भी जल्द ही इंग्लैंड की सैर पर निकल जाएंगे।

योगी ने कहा कि जब भी देश में किसी गंभीर मुद्दे पर चर्चा होती है, तो कुछ लोग विदेश भाग जाते हैं। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी से नाराज़ सपा विधायक अपनी सीटों से उठ खड़े हुए और सदन से वॉकआउट कर गए।

कफ सिरप मामले में बीजेपी का हाथ: अतुल प्रधान

सपा विधायक और सरधना से विधायक अतुल प्रधान ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में बड़े और प्रभावशाली लोग शामिल हैं, जिन तक सरकार के हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में कफ सिरप का बड़ा जखीरा बरामद हुआ था और जांच STF को सौंपी गई थी, लेकिन 18 महीने बीत जाने के बावजूद जांच का कोई नतीजा सामने नहीं आया।

अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़े शुभम जायसवाल का नाम सामने आया, यह स्पष्ट हो गया कि इस पूरे मामले में सत्ता के नजदीकी लोगों की भूमिका है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
VIKAS TRIPATHI
VIKAS TRIPATHIhttp://www.pardaphaas.com
VIKAS TRIPATHI भारत देश की सभी छोटी और बड़ी खबरों को सामने दिखाने के लिए "पर्दाफास न्यूज" चैनल को लेके आए हैं। जिसके लोगो के बीच में करप्शन को कम कर सके। हम देश में समान व्यवहार के साथ काम करेंगे। देश की प्रगति को बढ़ाएंगे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button