गाजीपुर। विद्युत वितरण मंडल गाजीपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना ने स्मार्ट मीटर को लेकर चल रही भ्रांतियों पर मीडिया के सामने स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने बताया कि जिले में करीब डेढ़ लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और सभी को पोस्टपेड से प्रीपेड प्रणाली में बदल दिया गया है।
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि कई उपभोक्ताओं के खाते में बैलेंस माइनस होने के कारण बिजली आपूर्ति स्वतः कट रही है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तकनीकी प्रक्रिया है और इसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने एंड्रॉयड मोबाइल में “ऊर्जावान ऐप” या “यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप” डाउनलोड करें। इन ऐप्स के माध्यम से उपभोक्ता अपनी रोजाना की बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और समय रहते ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। भुगतान करने पर बिजली आपूर्ति कुछ ही मिनटों में स्वतः बहाल हो जाती है।
विवेक खन्ना ने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस माइनस में चला जाता है, तो उसे एडवांस रिचार्ज कराकर प्लस में लाना जरूरी है, अन्यथा बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकती।
उन्होंने यह भी बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए खंडीय कार्यालयों में जीएमआर कंपनी के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। गर्मी को देखते हुए सभी उपकेंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।














