
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बढ़ती अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री पर गंभीर चिंता जताते हुए इसे रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की जरूरत पर जोर दिया है।
संसद में उठाया मुद्दा
वैष्णव ने कहा कि ऐसी सामग्री जो भारतीय संस्कृति के खिलाफ है, उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध होना चाहिए। उन्होंने संसद की स्थायी समिति में इस मुद्दे को उठाने की बात कही और विपक्ष से सहयोग की अपील की।
निगरानी के लिए विशेष संस्था की मांग
मंत्री ने एक निगरानी संस्था स्थापित करने की जरूरत पर भी बल दिया, जो सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी नजर रख सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस निगरानी का उद्देश्य अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाना नहीं है, बल्कि अनियंत्रित सामग्री को रोकना है, ताकि युवा पीढ़ी पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सके।
भारतीय संस्कृति के अनुरूप हो सोशल मीडिया कंटेंट
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की संस्कृति और उन देशों की संस्कृति में अंतर है, जहां से ये प्लेटफॉर्म संचालित होते हैं। इसलिए, भारतीय संदर्भ में इन प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट की सख्त निगरानी और नियंत्रण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस विषय पर चर्चा के लिए वह हर समय तैयार हैं और इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए।