मरदह (गाजीपुर)। विकासखंड के लोकमान्य सर्वोदय इंटर कॉलेज, डोड़सर गांव में शनिवार को समाजवादी पार्टी द्वारा प्रबुद्ध एवं युवा जन संवाद कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आशुतोष सिन्हा, स्नातक एमएलसी वाराणसी क्षेत्र ने पार्टी की मजबूती पर जोर देते हुए 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया।

आशुतोष सिन्हा ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण भारत महोत्सव में यह कहा था कि गांव का विकास पहले भी हो सकता था, लेकिन लोगों को मोदी का इंतजार था। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर हैं।
सपा नेता ने कहा कि प्रदेश में विकास का श्रेय पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार को जाता है, और वर्तमान सरकार सिर्फ नाम बदलने का काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश में भाजपा के नेताओं द्वारा जमीन कब्जाने के आरोप भी लगाए।

विशिष्ट अतिथि अंगद यादव, प्रदेश प्रमुख महासचिव मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड ने कहा कि युवाओं को जागरूक करना समय की आवश्यकता है, क्योंकि समाज का आधार और भविष्य युवा वर्ग होता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जीत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान 250 युवाओं और 150 प्रबुद्ध जनों को मुख्य अतिथि द्वारा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, महेन्द्र चौहान, रामनारायण यादव, श्रीनाथ यादव सहित कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राजीव यादव, प्रदेश सचिव मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।