गाज़ीपुर – जंगीपुर कृषि मंडी स्थित विपणन शाखा के धान क्रय केंद्र पर इस समय सन्नाटा पसरा हुआ है। एक नवंबर से केंद्र पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन अब तक किसानों की उपस्थिति बेहद कम रही है। जानकारी के अनुसार, छह नवंबर को प्रथम किसान द्वारा मात्र 14 क्विंटल धान की बिक्री की गई थी। बृहस्पतिवार तक केंद्र पर कुल 266 क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गई है।मार्केटिंग इंस्पेक्टर राम गोपाल यादव ने बताया कि अधिकांश किसान अभी अपने खेतों में धान की कटाई और सुखाने के कार्य में व्यस्त हैं, जिसके कारण वे मंडी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे बिचौलियों से दूर रहें और स्वयं अपना पंजीकरण कराकर सत्यापन के बाद धान को सुखाकर केंद्र पर लेकर आएं। सरकार द्वारा प्रति क्विंटल 2369 रुपए का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है, जो 48 घंटे के भीतर सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। अधिकारी ने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में कटाई पूरी होते ही मंडी में किसानों की आमद बढ़ेगी और खरीद प्रक्रिया गति पकड़ेगी।














