गाज़ीपुर – बिरनो थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बद्दूपूर नहर के पास से पोक्सो एक्ट में वांछित आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की एक युवती ने 27 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि तियरा गांव निवासी अमरजीत चौहान शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बना चुका है। पेट में दर्द होने पर चिकित्सक को दिखाने पर गर्भ ठहरने की पुष्टि हुई। जब युवती ने यह जानकारी आरोपी को दी, तो वह गाली-गलौज करते हुए फोन बंद कर भाग निकला।घटना को गंभीरता से लेते हुए बिरनो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बद्दूपूर नहर के पास सवारी वाहन का इंतजार कर कहीं भागने की कोशिश में है। तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अमरजीत चौहान पुत्र बेचन चौहान को गिरफ्तार कर लिया।बिरनो थानाध्यक्ष अजय कुमार यादव ने बताया कि आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। उसे पकड़ लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














