गाजीपुर – भुड़कुंडा कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ानपुर गांव में मंगलवार देर शाम सर्पदंश की दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक कंचा खेलते समय दीवार की दरार में हाथ डालने पर सांप का शिकार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार बूढ़ानपुर निवासी शुभम राजभर (7) अपने दोस्तों के साथ घर के पास कंचा खेल रहा था। खेलते समय उसका कंचा दीवार की दरार में चला गया। शुभम जैसे ही कंचा निकालने के लिए दीवार में हाथ डाला, वहां पहले से छिपे सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश होते ही शुभम जोर से चिल्लाने लगा, जिसकी आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
शुरुआत में परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए गांव के एक साधु के पास ले गए, लेकिन जब उसकी हालत लगातार बिगड़ने लगी तो उसे तत्काल आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक शुभम राजभर अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता सोनू राजभर पुणे में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह पुणे से घर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।














