गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2028 के लिए निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा बैठक राइफल क्लब गाजीपुर में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत), सभी उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) तथा सभी खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि 7 जनवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक प्राप्त दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा की जाएंगी। साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन और निस्तारण की कार्यवाही भी इसी अवधि में पूरी की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि 21 फरवरी 2026 से 16 मार्च 2026 के बीच दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों का कम्प्यूटरीकरण कराया जाए तथा उन्हें मूल मतदाता सूची में समाहित किया जाए। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार नए मतदान केन्द्रों और मतदान स्थलों के निर्धारण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि 17 मार्च 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूचियों के कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केन्द्रों और स्थलों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, बूथ आवंटन, मतदाता सूची डाउनलोडिंग और फोटो प्रतियां तैयार कराने का कार्य समय से पूरा किया जाएगा।
बैठक में उप जिलाधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदान केन्द्र या मतदान स्थल परिवर्तन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की जांच कर अपनी संस्तुति सहित प्रस्ताव जिलाधिकारी के अनुमोदन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी मतदान स्थल पर 900 से अधिक मतदाता न रखे जाएं। यदि मतदाताओं की संख्या अधिक हो तो उन्हें अन्य मतदान स्थलों से संबद्ध किया जाए, लेकिन इस दौरान यह विशेष ध्यान रखा जाए कि एक ही परिवार के मतदाता अलग-अलग मतदान केन्द्रों में विभाजित न हों।














