Monday, March 9, 2026
Your Dream Technologies
HomeCrimeअवैध गतिविधियों की शिकायत पर ढाबे में पुलिस की छापेमारी, होटल बंद

अवैध गतिविधियों की शिकायत पर ढाबे में पुलिस की छापेमारी, होटल बंद

ग़ाज़ीपुर – नोनहरा थाना अंतर्गत बेसो नदी पुल के पास संचालित एक ढाबे पर ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को पुलिस ने औचक छापेमारी की। शाम करीब 3 बजे सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री और नोनहरा थानाध्यक्ष संतोष पाठक पुलिस बल के साथ ‘श्री राधे एवं होटल फैमिली रेस्टोरेंट’ पहुंचे और पूरे परिसर की जांच की।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस ढाबे की आड़ में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। बोरसिया गांव के लोगों के अनुसार, पास में कॉलेज होने के कारण यहां अक्सर छात्र-छात्राओं का जमावड़ा लगा रहता था। आरोप है कि होटल संचालक युवक-युवतियों से करीब दो हजार रुपये प्रति कमरे के हिसाब से रकम लेकर अवैध रूप से कमरे उपलब्ध कराता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। सोमवार को पुलिस की टीम के पहुंचते ही रेस्टोरेंट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि ढाबे के कमरों का एक दरवाजा पश्चिमी दिशा में नदी की ओर खुलता है। पुलिस के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही कुछ संदिग्ध लोग पीछे के रास्ते से नदी की ओर भाग निकले।

सीओ कासिमाबाद अनुभव राजश्री ने बताया कि जांच के दौरान होटल संचालक होटल संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। हालांकि मौके से कोई अवैध या प्रतिबंधित सामान बरामद नहीं हुआ। फिलहाल होटल को बंद करा दिया गया है और संचालक को कड़ी चेतावनी दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कागजी कार्रवाई कर रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button